पहले लोकसभा और अब विधानसभा चुनावों में मिली करारी हार के बाद समाजवादी पार्टी अब सपा का जनाधार बढ़ाने में जुट गयी है। इसके लिए पार्टी ने सदस्यता अभियान की शुरुआत की है जिसके तहत पार्टी कार्यकर्ता लोगों को जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करने में जुटे हैं। सपा जिलाध्यक्ष तनवीर अहमद ने बताया पार्टी में पहले तीन वर्ष के लिए सदस्यता थी, लेकिन अब समय सीमा में बदलाव कर इसे पांच वर्ष कर दिया गया है। इसके लिए हम 20 रूपये की रसीद काट रहे है। उन्होंने बताया कि कुछ ही घंटों के अंदर करीब 1200 लोग पार्टी की सदस्यता ले चुके हैं। अगर यही सिलसिला चला तो आज दिनभर में करीब 2 हजार लोग पार्टी से जुड़ जाएंगे।
गली—गली में जाएंगे कार्यकर्ता
अभियान की शुरुआत मथुरा वृन्दावन विधान सभा क्षेत्र से की गई। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष तनवीर अहमद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डीग गेट इलाके में कैम्प लगाया। सपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि उनके कार्यकर्ता गली—गली, हर मोहल्ले और सभी विधानसभा क्षेत्रों में जाकर लोगों को सपा कार्यकाल में किए गए कार्यों के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे और ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ने का प्रयास करेंगे।